थाना हाथरस गेट क्षेत्र के सोखना में उधार चाट न देने पर पिटाई के शिकार उदयवीर की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमे को हत्या में तरमीम कर लिया है। पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी।
उल्लेखनीय है कि 43 वर्षीय उदयवीर सिंह निवासी गांव सोखना थाना हाथरस गेट एआरटीओ ऑफिस के निकट चाट की ढकेल लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। 25 जुलाई को वह ढकेल लेकर घर जा रहा था। गांव के ही सत्ता पुत्र गुलाब सिंह कुशवाहा ने उससे उधार चाट मांगी। उदयवीर ने इनकार कर दिया। आरोपी आग बबूला हो गया।
आरोपी ने उदयवीर को जमीन पर डालकर जमकर पीटा और ईंट से प्रहार कर दिया, जिससे उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उदयवीर ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को ग्रामीण हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर शव को लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गए और घेराव कर लिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए थे। थाना हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि मुकदमा हत्या में तरमीम कर लिया गया है। संवाद