संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
ग्राम पंचायत बिजाहरी के नया बिजलीघर क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मोहल्ले के लोगों ने भुखमरी से मौत होने की सूचना फैला दी। जिससे प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। सूचना पर एसडीएम हरीशंकर यादव, क्षेत्राधिकारी रामशब्द यादव व जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव मौके पर पहुंच गए। घंटों हुई जांच पड़ताल के बाद प्रशासन ने भूख से हुई मौत को नकार दिया। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी। पुलिस ने शव कोे पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामगोपाल पाठक पुत्र रामप्रसाद मूल रूप से नगला गढ़ूू के रहने वाले थे। वर्तमान में वह नया बिजलीघर क्षेत्र में रहने लगे थे। बुधवार को अचानक रामगोपाल की मृत्यु हो गई। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उसकी मौत भूख से हुई है। सूचना पर एसडीएम, डीएसओ एवं क्षेत्राधिकारी तथा तहसीलदार निधी भारद्वाज व नायब तहसीलदार रामगोपाल एवं कस्बा चौकी प्रभारी मनोज शर्मा मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर बारीकी से रामगोपाल का पारिवारिक इतिहास खंगाला एवं क्षेत्र में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसकी रिपोर्ट एसडीएम ने डीएम को प्रेषित की है।
एसडीएम हरीशंकर यादव का कहना है कि उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार का कहना है कि जांच टीम मौके पर भेजी गई है। उसकी रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट के अनुसार भूख से मौत होने की सूचना गलत पाई गई है।