तीन शातिर युवक दबोचे, चोरी की कई घटनाएं कबूलीं
चोरी गया काफी सामान भी किया गया बरामद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। सादाबाद में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस प्रशासन को कुछ राहत मिल गई। पुलिस ने पब्लिक की मदद से तीन चोरों को दबोच लिया। इन चोरों ने नगर में की गई कई चोरियों को कबूला है। इनके पास से काफी सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने इन तीनों चोरों को जेल भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद राठी ने बताया कि कोतवाली पर पूर्व में पंजीकृत चोरी के मुकदमों के निस्तारण के लिए एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा द्वारा निर्देशित किया गया था। आदेश के अनुपालन में एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और सीओ योगेश कुमार के पर्यवेक्षण में उनके निर्देश पर 27 अगस्त को पुलिस टीम द्वारा जनता की मदद लेकर अभियुक्त आकाश उर्फ वाहिद पुत्र आबिद निवासी सुभाष गली तकिया सादाबाद, अयूब पुत्र भोला निवासी सुभाष गली तकिया सादाबाद और कामिल पुत्र शादाब निवासी मोहल्ला पजाया सादाबाद को चोरी करते हुए मय चोरी के माल सहित पकड़ लिया।
इनके पास से पंखा, कंप्यूटर, सरिया आदि बरामद हुए तथा पूछताछ में अभियुक्तों ने सादाबाद में एक अगस्त को जवाहर बाजार में की गई चोरी की घटना को कबूल किया। चोरी किए गए सामान मेें दुकानों से बिस्किट, नमकीन, साबुन, अंडरबियर, बनियान व नगदी 9600 रुपये पार किए थे। इस मामले में भी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। चोरी गए सामान में से कुछ सामान अंडरवियर और बनियान अभियुक्त अयूब द्वारा अपने घर से और इस मुकदमे में चोरी गया सामान नमकीन, बिस्किट अभियुक्त आकाश उर्फ वाहिद ने अपने घर से बरामद कराया। इनके खिलाफ मुकदमे में धारा 411 की वृद्धि की गई है। इनको जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 27 अगस्त को जयकुमार पुत्र महेंद्रपाल सिंह निवासी नगला छीतर थाना सादाबाद हाथरस के केला प्लांट में चौकीदार का काम करता था। 27 अगस्त को तीन बजे प्लांट में उक्त तीनों चोर चोरी करने घुस आए और कंप्यूटर और पंखा चोरी करने लगे। इस दौरान पुलिस और पब्लिक की मदद से बदमाशों को मय माल के पकड़ लिया गया था। घटना के संबंध में थाने पर धारा 454, 380 और 411 मेें पंजीकृत किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक रणवीर सिंह यादव द्वारा की जा रही थी। वार्ता के दौरान एसएसआई अवधेश कुमार भी मौजूद थे।