कार्यालय पर आपस में भिड़े भाजपाई, हंगामा
सदस्यता बही जमा कराने को लेकर हुआ विवाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। भाजपा के जिला कार्यालय पर बुधवार की शाम भाजपाई आपस में ही भिड़ गए। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। दोनों पक्ष एक दूसरे को धमकाते हुए वहां से चले गए। इस घटना से वहां मौजूद बाहर से आए पदाधिकारी हतप्रभ रह गए। हालांकि इस मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य का कहना है कि कार्यालय पर इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही भाजपाइयों का एक गुट वहां से जा चुका था।
सूत्रों के मुताबिक इस समय भाजपा में सक्रिय सदस्य बनाने का काम चल रहा है। सदस्य आगे पार्टी के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों का निर्वाचन करेंगे। ऐसे में पार्टी में कई गुटों में आपस में इस बात की अभी से होड़ मच गई है कि वह अपने ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाए। इस समय रोजाना पार्टी के जिला कार्यालय पर सदस्यता का प्रेक्षण करने के लिए पदाधिकारी भी आ रहे हैं।
बुधवार को जब भाजपा के एक गुट ने सक्रिय सदस्यता के लिए अपनी बही जमा कराई तो सूत्रों की मानें तो दूसरे गुट ने इस सदस्यता पर आपत्ति जताई। बस इसी बात पर पहले वहां दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई और फिर तनातनी के बीच मारपीट भी हो गई। वहां एकाएक मौके पर मौजूद कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इन्हें अलग कराया। बाद में दोनों पक्ष एक दूसरे को धमकाते हुए वहां से चले गए। उल्लेखनीय है कि पहले भी यह दोनों गुट आपस में भिड़ चुके हैं। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य का कहना है कि पार्टी में किसी तरह की कोई गुटबंदी नहीं है। पार्टी कार्यालय पर किसी तरह का काई झगड़ा नहीं हुआ है।
भाजपा कार्यालय पर हंगामा व झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो वहां पर ऐसा कुछ नहीं था। जिसके बाद हमारी गाड़ी वापस लौट आई।
-डीके वर्मा, इंस्पेक्टर क्राइम कोतवाली सदर।