स्वयं सहायता समूह की ऋण किस्त के एक लाख रुपये बैंक में जमा न कराने को लेकर रविवार को हैदलपुर में महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दी है।
सतगुरु स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष नारायनी देवी ने बताया कि गांव की 10 गरीब महिलाओं ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत भारतीय स्टेट बैंक से स्वरोजगार के लिए ऋण लिया था। सभी महिलाओं ने किस्त के एक लाख रुपये एकत्रित कर समूह की हसायन निवासी एक महिला सदस्य को 20 अप्रैल 2024 को बैंक में जमा करने के लिए दिए थे। आरोप है कि दो साल बाद जांच में पता चला कि रुपये बैंक में जमा नहीं किए गए और रजिस्टर में भी एंट्री नहीं है। नारायनी देवी और बेबी ने इस पर सवाल किया तो विवाद और मारपीट हो गई।
महिलाओं का आरोप है कि पहली बार शिकायत करने पर पुलिस ने उन्हें फटकारकर भगा दिया। इसके बाद वे ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं, लेकिन अवकाश के कारण अधिकारी नहीं मिले। बाद में ग्राम पंचायत की महिला प्रशासक विनीता देवी के प्रतिनिधि राजवीर सिंह बघेल के साथ दोबारा कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उधर, आरोपी महिला ने भी मारपीट करने और डेढ़ लाख रुपये छीनने का आरोप लगाया है। सीओ अमित पाठक के अनुसार महिलाओं को फटकारने के आरोप गलते हैं। शिकायत के आधार पर मामले की जांच करायी जा रही है।