हाथरस। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए प्रशासन के साथ ही रेलवे व रोडवेज ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है तो रोडवेज ने भी बसों का रूट प्लान तैयार कर लिया है।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 13 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने हाथरस जंक्शन और हाथरस सिटी रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। स्टेशन परिसर में बने वेटिंग हॉल, शुद्ध पेयजल, अतिरिक्त टिकट काउंटर और शौचालय आदि की सुविधाओं को दुरुस्त कराया गया है, ताकि दूरदराज से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ और जीआरपी को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर परिवहन निगम के हाथरस डिपो ने भी अभ्यर्थियों के सुरक्षित व समयबद्ध आवागमन के लिए एक दिवसीय विशेष रूट प्लान तैयार किया है। इसके तहत रायबरेली, अलीगढ़, कानपुर और एटा मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे।
हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से स्टेशन और बस स्टैंड तक छात्रों की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें स्टैंडबाई मोड पर रखी गई हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। वहीं सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व स्टेशन या बस स्टैंड पहुंचकर अपनी यात्रा शुरू करें, ताकि किसी भी प्रकार की हड़बड़ाहट से बचा जा सके। रेलवे और रोडवेज की हेल्प डेस्क भी सुबह से ही परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सक्रिय रहेंगी। संवाद