शहर के कई इलाकों में रविवार को विद्युत लाइनों की मरम्मत और रिवेंप योजना के तहत विद्युत तारों को बदलने का कार्य कराया गया। इस कारण कई इलाकों में दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार को सुबह से ही शहर के आगरा रोड, लेबर कॉलोनी, खंदारी गढ़ी आदि इलाकों में रुक-रुककर दो घंटे के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिना बिजली के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। बता दें कि शहर में इस समय जर्जर तारों को निजी कंपनी की ओर से बदले जाने का काम किया जा रहा है। इस कारण कार्य के दौरान संबंधित ट्रांसफाॅर्मर से आपूर्ति को बाधित किया जाता है। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति सुचारू कर दी जाती है।
निजी कम्पनी के कर्मियों ने रविवार को आगरा रोड के कई इलाकोंं के अलावा अलीगढ़ रोड के कई मोहल्लों में तार बदलने का काम किया। अधिशासी अभियंता शहर अभिषेक सिंह का कहना है निजी कंपनी की तरफ से शहर में जर्जर तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। इस कारण कुछ देर के लिए संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति बंद करने की आवश्यकता होती है।