जिले में वायरल बुखार से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को भी बुखार से दो लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी के अलावा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में पहुंचे मरीजों में सर्वाधिक बुखार से पीड़ित थे।
कस्बा हसायन में 20 वर्षीय विवाहिता रेखा पत्नी पप्पू की बुखार से मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार चल रही थी। कस्बे का एक चिकित्सक उसका उपचार कर रहा था। इधर, कस्बा हाथरस जंक्शन में भी 60 वर्षीय बुजुर्ग की बुखार से मौत हो गई। सहपऊ के पीएचसी मानिकपुर एवं आरती पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 78 मरीज उपचार और परामर्श के लिए पहुंचे। इनमें से 20 मरीज बुखार से पीड़ित थे। 20 मरीजाें की मलेरिया और 16 लोगों की डेंगू की जांच की गई। किसी को मलेरिया अथवा डेंगू नहीं निकला।
सासनी के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 98 मरीज आए। इनमें 35 वायरल बुखार से पीड़ित थे। बुखार से पीड़ित सभी मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई, लेकिन इनमें से कोई भी मलेरिया अथवा डेंगू से पीड़ित नहीं था। मुरसान क्षेत्र के चार पीएचसी पर आयोजित मेले में 22 मरीज पहुंचे। सभी वायरल बुखार से पीड़ित थे। इनके रक्त की जांच की गई। इनमें से किसी को भी मलेरिया अथवा डेंगू नहीं था। बागला जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ.सूर्यप्रकाश ने बताया कि बुखार आने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में उपचार कराएं। नियमित रूप से दवा का सेवन करें। बुखार के दौरान पेय पदार्थ का सेवन अवश्य करें।