उत्तर-मध्य रेलवे के दिल्ली-हावड़ा रेलवे के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 29 मई की सुबह एक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने घायल को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना बेहान थाना क्षेत्र के गांव सिंगरौली निवासी धनपान शाह (62) पुत्र महादेव शाह 29 मई को मुरी एक्सप्रेस से अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से सोनभद्र जा रहे थे। ट्रेन के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुकने पर वह पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए। पानी लेकर वह ट्रेन में चढ़ते इससे पहले ही ट्रेन चल दी। उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया।
इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गए। यह देख स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन जीआरपी घायल को 108 एंबुलेंस से बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर मृतक की पत्नी अस्पताल में ही रोने-बिलखने लगीं। । जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।