आगरा रोड स्थित सादाबाद के गांव गीगला में 19 जुलाई की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मकान में रखे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। परिवार वालों ने सूझ-बूझ दिखाते हुए सिलिंडर को घर से दूर खुली जगह पर फेंक दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने सिलिंडर में लगी आग को बुझाया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
गांव गीगला सादाबाद निवासी धनवीर पुत्र महिपाल के घर में सुबह करीब छह बजे गैस चूल्हे को जलाया गया। अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली और उससे लपटें उठने लगीं। यह देखकर घर में हड़कंप मच गया। बताया गया कि सिलेंडर 18 जुलाई को ही लिया गया था और उससे गैस लीक होने की जानकारी घर के सदस्यों को नहीं हो सकी।
घर में मौजूद धनवीर के भतीजे छज्जन ने किसी तरह सिलिंडर को घर से बाहर खुले में फेंक दिया। इसके बाद सिलिंडर में लगी आग को बुझाया गया और दमकल कर्मियों ने लीकेज गैस को बंद किया। तब कहीं जाकर ग्रामीणों के जान में जान आई।