मौसम साफ होने और धूप खिलने के साथ मंडी समिति में धान की आवक बढ़ गई है। इसके साथ ही दामों में भी अच्छा-खासा उछाल देखने को मिल रहा है, जिससे किसानों के चेहरों पर मुस्कान आ गई है। शुक्रवार को मंडी में रिकॉर्ड 39 हजार क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई।
मंडी में कंबाइन मशीन से कटे धान के भाव बढ़कर 4100 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जो पहले 3900 रुपये प्रति क्विंटल तक थे। वहीं, हाथ से कटे (क्वालिटीदार) धान के दाम 4200 रुपये से बढ़कर 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। इस सीजन में मंडी में अब तक कुल आठ लाख 62 हजार क्विंटल धान की आवक हो चुकी है, जबकि पिछले पूरे सीजन में धान की कुल आवक 19 लाख छह हजार 639 क्विंटल दर्ज की गई थी। मंडी अअधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम लगातार साफ रहा, तो आने वाले दिनों में आवक और तेज होगी।
बारिश से फसल खराब होने का डर था, लेकिन मौसम साफ होते ही मंडी में अच्छे दाम मिल रहे हैं। हाथ से कटे धान का भाव 4500 रुपये तक मिलने से मेहनत वसूल हो गई है।
-संदीप, किसान निवासी गढ़ी जैनी
कंबाइन मशीन से काटे गए धान का रेट भी 4100 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। पिछले दिनों के मुकाबले दामों में आई इस तेजी से किसानों को काफी राहत मिली है।
-गुड्डू, किसान निवासी गंगचौली
बारिश के कारण मंडी में धान की आवक कुछ समय के लिए प्रभावित हुई थी, जो अब धूप खिलने के साथ तेजी से बढ़ रही है। सबसे अच्छी बात यह है कि पिछले साल की तुलना में इस बार किसानों को धान के बेहद अच्छे रेट मिल रहे हैं।
-अनिल कुमार, सचिव मंडी समिति।