हाथरस। इन दिनों शहर में ऐसा वायरल बुखार फैल रहा है, जो सामान्य बुखार के साथ-साथ तेज कफ, खांसी और शरीर व मांसपेशियों में जकड़न या कमजोरी जैसी समस्याएं दे रहा है। पीड़ित मरीज जल्दी ठीक नहीं हो पा रहे हैं, जिससे जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का भारी दबाव बना हुआ है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में ओपीडी का नजारा काफी व्यस्त रहा। यहां इलाज और परामर्श के लिए करीब 1800 मरीज पहुंचे। इनमें से अकेले 667 मरीज सर्दी, जुकाम और कफ-खांसी से पीड़ित पाए गए। वहीं, 180 लोग तेज बुखार से ग्रसित होकर अस्पताल पहुंचे।
मौसम जनित बीमारियों के चलते फिजिशियन के कक्ष के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहीं। बच्चों में भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसके चलते बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी खासी भीड़ देखने को मिली। यहां ओपीडी में 171 बच्चों की जांच की गई।
बढ़ते वायरल संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए डॉक्टर मरीजों के खून की जांच करवा रहे हैं। स्थिति यह है कि पैथोलॉजी लैब में सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) और अन्य जरूरी खून की जांच कराने वालों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है।
फिजिशियन डाॅ. अवधेश कुमार ने कहा कि सुबह और शाम के वक्त ठंडी हवाओं के संपर्क में आने से बचें। हल्के गर्म पानी का सेवन करें और शरीर में लगातार बनी रह रही कमजोरी या कफ की शिकायत को नजरअंदाज न कर तुरंत योग्य चिकित्सक से परामर्श लें।