गांव फरौली में अपने बच्चों से मिलकर वृद्ध दंपती हाथरस आ रहे थे। जैसे ही मोपेड सवार दंपती कस्बा मेंडू के निकट स्थित भैरों मंदिर के निकट पहुंचे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार विटारा ब्रेजा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई।
हाथरस-सिकंदराराऊ मार्ग पर कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू स्थित भैरव मंदिर के निकट 22 अप्रैल शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार वृद्ध दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव फरौली हाल निवासी मथुरा रोड कछपुरा खान सिंह (65) पुत्र पोप सिंह सोमवार की दोपहर को मोपेड से अपनी पत्नी अंगूरी देवी (58) के साथ गांव फरौली में अपने बच्चों से मिलकर हाथरस आ रहे थे। जैसे ही मोपेड सवार दंपती कस्बा मेंडू के निकट स्थित भैरों मंदिर के निकट पहुंचे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार विटारा ब्रेजा कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार सवार मौके पर गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना में थान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अंगूरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हाथरस-सिकंदराराऊ रोड पर कुछ देर के लिए यातायात थम गया। मौके पर काफी भीड़ लग गई।
विज्ञापन
लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल अंगूरी देवी को एंबुलेंस से उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल भिजवाया। वहां से उन्हें गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। दंपती की मौत पर परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल था। दंपती ने अपने पीछे तीन बेटे और बेटियों को बिलखते हुए छोड़ा है। सीओ सिकंदराराऊ डॉ. आनंद कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।