हेलीपैड के लिए जगह का निरीक्षण करते मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसपी व अन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम योगी आदित्यनाथ के 23 जुलाई के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर तैयारियां तेज हो गई है। अब जिला प्रशासन के अधिकारी प्लानिंग करके कामों को पूरा करने में जुट गए है। सीएम के द्वारा होने वाले निरीक्षण स्थलों पर अधिकारियों के दौरे शुरू हो गए है। कलेक्ट्रेट और विकास भवन के साथ-साथ उन स्थानों को चमकाया जा रहा है, जहां सीएम जा सकते हैं।
शुक्रवार को निरीक्षण स्थलों पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने अपना डेरा डाल दिया। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह और डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने अधिकारियों के साथ देर शाम बागला जिला अस्पताल के अलावा हेलीपेड स्थल आदि का भी निरीक्षण किया और अधीनस्थों को निर्देश दिए।
सीएम के हेलीकाप्टर को उतारने के लिए मथुरा रोड स्थित स्टेडियम में हेलीपेड बनाने के लिए पीडब्लूडी के अधिकारियों ने अपना काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने भी हेलीपेड पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पीडब्लूडी के अधिकारियों से वार्ता की।
प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प करने में जुटे
सीएम के आने की सूचना के बाद से गांव भगवंतपुर के प्राथमिक विद्यालय की कायाकल्प शुरू हो गई है। यहां बने शौचालयों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग की जा रही है। वही मथुरा रोड गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में बागला जिला अस्पताल को भी सजाया जा रहा है। बागला जिला अस्पताल का भी सीएम निरीक्षण करेंगे। जिसके चलते जिला अस्पताल में रंगाई-पुताई का काम शुरू हो गया है। साथ ही बागला कॉलेज के मैदान में भी प्रस्तावित जनसभा को लेकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। सभा स्थल बागला इंटर कॉलेज का एसडीएम सदर अरुण कुमार सहित पीडब्लूडी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस मौके पर भाजपा नेता भी मौजूद रहे।