रेलवे ट्रैक के नीचे धंसी पानी।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेलवे रूट पर मैंडू स्टेशन के निकट बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक के नीचे की जमीन धंस गई। इसकी वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दौरान वहां से एक मालगाड़ी को धीरे-धीरे निकाला गया। अन्य ट्रेनों को निकटवर्ती स्टेशनों पर रोक दिया गया। मथुरा से आई टीम ने गड्ढे को भरवाकर ट्रैक को दुरुस्त किया, तब रेलवे का आवागमन सुचारु हुआ। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
सुबह ट्रैक के निरीक्षण के समय मैंडू के पास रेलकर्मियों को गड्ढे की जानकारी हुई तो अधिकारियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसी दौरान ट्रैक पर कासगंज से मथुरा की ओर जाने वाली एक मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी को धीरे-धीरे निकाला गया। अन्य ट्रेनों को यथा स्थान पर रोक दिया गया। मथुरा से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक
हाथरस सिटी स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन सुबह सवा सात बजे यहां पहुंच गई और उसके बाद इसे डेढ़ घंटे उपरांत रवाना किया गया। ट्रैक की मरम्मत के साथ-साथ जेसीबी मशीन से गड्ढे को भी भरवाया गया। इधर, स्टेशन पर यात्री काफी परेशान दिखे। मथुरा से आए मंडलीय सहायक अभियंता रणजीत सिंह ने बताया कि बरसात की वजह से ट्रैक के नीचे मिट्टी बहने से यह स्थिति हुई है। ट्रैक के दुरुस्त करा दिया गया है।
चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में महिला घायल
हाथरस। सिटी स्टेशन पर डेढ़ घंटे तक खड़े रहने के बाद जब कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन चली तो एकाएक वृंदावन निवासी आशा शर्मा प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल हो गई। आननफानन लोगों ने उन्हें उठाया, वरना वह ट्रेन की चपेट में आ जातीं। वह पटियाली जा रही थीं। उनका कहना था कि ट्रेन को एकाएक चला दिया गया और इसकी कोई सूचना नहीं दी गई।