हादसे के बाद मथुरा-बरेली राजमार्ग पर पेड़ डालकर जाम लगाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस रोड पर गांव रजापुर निवासी 11 वर्षीय दीपक पुत्र पप्पू को मंगलवार दोपहर सिकंदराराऊ के तहसीलदार की गाड़ी ने कुचल दिया। बच्चे की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मथुरा-बरेली राजमार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को काफी देर समझाया तब जाकर उन्होंने जाम खोला। करीब तीन घंटे बाद शाम चार बजे यातायात दुरुस्त हो सका।
पुलिस के अनुसार सिकंदराराऊ के तहसीलदार राजेश राज, एसडीएम केहरी सिंह के साथ दोपहर करीब एक बजे हाथरस से बैठक में शामिल होकर लौट रहे थे। तहसीलदार, एसडीएम की गाड़ी में बैठे थे जबकि तहसीलदार की गाड़ी में कुछ कर्मचारी सवार थे।
गांव रजापुर निवासी दीपक (11) पुत्र पप्पू कढे़रा सड़क पार कर रहा था तभी तेज गति से आई तहसीलदार की गाड़ी ने उसे कुचल दिया। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने जैसे ही बच्चे का शव देखा तो उनका आक्रोश फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने झाड़ियों को काटकर रोड पर डाल जाम लगा दिया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मजदूरी करने गया दीपक का पिता भी काफी देर बाद वहां आया। पुलिस ने बच्चे के परिजन और ग्रामीणों को जैसे-तैसे समझाया, तब जाकर तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
सीओ सिकंदराराऊ राकेश वशिष्ठ का कहना है कि घटना की रिपोर्ट कोवताली हसायन में दर्ज कराई जा रही है। वाहन का टेक्निकल मुआयना कराया जा रहा है। विधिवत रूप से कार्रवाई की जाएगी।