अब 60 से ज्यादा की स्पीड पर नहीं दौड़ेंगी रोडवेज बसें
आगरा की घटना के बाद चेता विभाग, हाथरस डिपो की एआरएम ने बंधवाई स्पीड
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हाथरस डिपो की बसें 60 किली प्रति घंटा की स्पीड से अधिक नहीं दौड़ेंगी। आगरा के एत्मादपुर की घटना के बाद रोडवेज विभाग सतर्क हो गया है। डिपो की एआरएम ने सभी बसों की स्पीड बंधवा दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में हाथरस डिपो में 84 बसें हैं। चालक-परिचालक किलोमीटर अर्जित करने और आमदनी के फेर में बसों को तेज रफ्तार के साथ दौड़ाते हैं। इससे अनहोनी की आशंका ज्यादा रहती है। बीते दिनों आगरा के एत्मादपुर के झरना नाले के पास हुई घटना के बाद मुख्यालय स्तर पर बैठक हुई। अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए।
इस क्रम में हाथरस डिपो की एआरएम ने बसों 60 की स्पीड नियत करने के साथ बसों में स्पीड को बंधवा दिया। हाथरस डिपो की कोई भी बस अब अधिक रफ्तार से नहीं दौड़ेगी। इस मामले में एआरएम शशी रानी का कहना है कि बसों की 60 की स्पीड नियत कर दी गई है। चालकों को बसों का संचालन मध्यम गति से करने के लिए कहा गया है।