कभी हाथरस की पहचान माने जाने वाले अमरूद के बाग अब इतिहास बनने के कगार पर हैं। एक समय यहां के अमरूद का स्वाद दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों में चखा जाता था, अब दूसरे राज्यों के अमरूद का स्थानीय बाजार पर कब्जा होता जा रहा है। इसकी वजह हाथरस में अमरूद की बागवानी में तेजी से गिरावट आना है।
करीब दो दशक पहले तक करीब जिले में 22 हजार हेक्टेयर में अमरूद के बाग थे, लेकिन वर्तमान में इनका क्षेत्रफल घटकर सिर्फ 3112 हेक्टेयर रह गया है। बागवानों का कहना है कि जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ने के कारण किसान बागों को काटकर उन्हें प्लॉट की शक्ल में बेच रहे हैं या फिर इस जमीन का उपयोग दूसरी फसलों को उगाने में कर रहे हैं।
धान, आलू और सब्जी जैसी फसलों में कम समय में ज्यादा मुनाफा होने से किसान इनकी ओर आकर्षित होने लगे। नए बाग तैयार न होना भी अमरूद की पैदावार में गिरावट का बड़ा कारण माना जा रहा है। वर्तमान में स्थिति यह है कि हाथरस के बाजारों में राजस्थान, हरियाणा और अन्य प्रांतों से आने वाले अमरूद ही बिक रहे हैं, जबकि दो दशक पहले तक हाथरस के अमरूद की मांग दूसरे राज्यों में रहती थी।
जानकार बताते हैं कि भूजल स्तर में गिरावट से पेड़ों की क्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है। पेड़ों पर फल आने कम हो गए हैं। इस वजह से भी किसानों का रुझान बागवानी की तरफ घट रहा है। किसानों का कहना है कि यदि सरकार या कृषि विभाग की ओर से अमरूद के बागों के संरक्षण पर ध्यान दिया जाता है या नए बाग लगाने के लिए कोई विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की जाती है तो इसकी पैदावार फिर से बढ़ सकती है।
पहले हम करीब 30 बीघा अमरूद के बाग से कमाई करते थे, लेकिन अब बागवानी पहले जैसी नहीं रही। अब जगह अधिक चाहिए और आमदनी साल में एक बार होती है, इसलिए अब अमरूद खत्म हो गए।
-सुनील शर्मा, बाग मालिक।
समय के साथ भूजल स्तर गिरता जा रहा है, इससे पेड़ों की क्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है। कई पेड़ ऐसे हैं, जो फल छोड़ रहे हैं, इसलिए अब बागवानी काफी मुश्किल हो रही है, यह भी बाग खत्म होने का कारण है।
-नंदकिशोर, अमरूद के व्यापारी
अब किसानों का रुझान कई ऐसी फसलों की तरफ है, जो त्वरित मुनाफा देती हैं। आलू, धान और बाजरा की खेती में वृद्धि होने से भी बागवानी की तरफ किसानों का रुझान कम हुआ है।
-सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी