रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले रविवार को बसों और ट्रेनों में जबदस्त भीड़ रही। राखी बंधवाने के लिए घर पहुंचने के लिए लोगों ने बसों, ट्रेनों में डग्गेमार वाहनों की छतों पर बैठकर सफर किया। उन्हें न तो हादसे का डर था और न ही जान की फिक्र।
रविवार को पूरे दिन ट्रेनों और बसों में यात्रा करने के लिए जद्दोजहद होती रही तो वहीं बसों व ट्रेनों के अंदर कई यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नसीब नहीं हुई। हाथरस डिपो ने अधिक लोड फैक्टर निकलने के कारण अपनी काफी बसों को दिल्ली भेज दिया। इससे आगरा अलीगढ़ रूट पर बसों की कमी बनी रही। हालांकि डिपो ने इस रूट पर शेष बसों का संचालन कर बसों की कमी को पूरा करने की कोशिश की, लेकिन यह बसें भी यात्रियों की भीड़ के आगे कम पड़ गईं। इधर, ट्रेन भी फुल होकर चलीं।
ट्रेन में सफर करने से पहले चढ़ने के लिए यात्रियों में जद्दोजहद होती रही। रेलवे पुलिस कर्मी ट्रेनों में उमड़ी भीड़ के कारण स्थिति को संभालने में जुटे रहे। इन पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों की तलाशी भी ली। इसी तरह के हालात आज भी बसों और ट्रेनों में बने रहेंगे, क्यों कि रविवार की रात 12 बजे से महिलाओं के लिए बसों में यात्रा मुफ्त रहेगी।