अब स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए होने वाली बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया के लिए वाहन चालकों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब आवेदन करने के साथ ही बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया कराई जा सकती है। विभाग के स्थानीय कार्यालय में स्थायी लाइसेंस के लिए बॉयोमीट्रिक स्लॉट की संख्या में इजाफा किया गया है।
कुछ माह पहले तक स्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को 20 दिन से अधिक का इंतजार करना पड़ता था। आवेदन करने के बाद बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया कराए जाने के लिए स्लॉट भरे होते थे। वाहन चालकों को 20 दिन बाद के स्लॉट मिल पाते थे, लेकिन अब उन्हें आवेदन वाले दिन के ही स्लॉट मिलना शुरू हो गए हैं। ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस बनने के बाद से उनके स्लॉट को भी स्थायी लाइसेंस के स्लॉट में जोड़कर इनकी संख्या बढ़ाकर 180 स्लॉट प्रतिदिन कर दी गई है।
लगातार लाइसेंस के लिए बॉयोमीट्रिक की प्रक्रिया होने के कारण अब मात्र 20 से 30 लाइसेंस के ही आवेदन आ रहे हैं। ऐसे में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया जाना काफी आसान हो गया है। इसे लेकर संभागीय निरीक्षक संतोष कुमार का कहना है कि बॉयोमीट्रिक कराए जाने के लिए अब कोई इंतजार नहीं है। अब किसी भी कार्य दिवस का स्लॉट बायोमीट्रिक प्रक्रिया के लिए लिया जा सकता है।