संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
कस्बे के मोहल्ला शुक्लयाना के एक मकान में 11 दिन पूर्व हुई चोरी की घटना का बृहस्पतिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी पड़ोस का ही युवक निकला।
गौरतलब है कस्बा के मोहल्ला शुक्लयाना निवासी सुंदर सिंह चौधरी पुत्र महावीर चौधरी के बंद मकान में चोरों ने छत के रास्ते से आंगन के ऊपर बने लोहे के जाल की सरियों को हटाकर प्रवेश कर लिया था और चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गृह स्वामी अपने पिता के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार करने अपने पैतृक गांव गंगागढ़ थाना साबितगढ़ (पहासू) जिला बुलंदशहर गया था।
घर में ताला लगा हुआ था। 14 जून को उसने अपनी सास को घर की सफाई करने के लिए फोन किया। जब सास घर की सफाई के लिए मकान पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गई। उसने उसी समय अपने दामाद को फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने कस्बे में आकर घटना के संबंध में कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चोरी के आरोपी को माल सहित गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कस्बा के मोहल्ला शुक्लयाना निवासी अंकित कुमार उर्फ छोटू पुत्र धर्मवीर कौशिक को माल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर वह पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा बाद पुलिस द्वारा सख्ती बरतने पर उसने बताया कि वह पीड़ित के पड़ौस में ही रहता है।
उसे अच्छी तरह से मालूम था कि उसके पिता की मौत हो चुकी है और घर में कोई नहीं रहता। कुछ दिन पूर्व उसके भाई ने उसके बैंक खाते में 10 हजार रुपये घर के खर्च के लिए भेजे थे जो उसने शौक-मौज में खर्च कर दिए। अब उसे घर में रुपये देने की चिंता लगी रहती थी। इस कारण उसने पड़ोस के बंद पड़े मकान में चोरी करने की योजना बनाई और घर में घुसकर आराम से चोरी की।
इसका किसी को पता भी नहीं चला, लेकिन चोरी किए गए चांदी के सिक्के किसी भी सराफा वाले ने नहीं लिए। इस कारण चोरी का पता चल गया। पुलिस ने उसके पास से 26 हजार रुपये कीमत के तीन चांदी सिक्के और एक अंगूठी भी बरामद की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई रामदास यादव, कांस्टेबल विजय प्रकाश और कांस्टेबल अंकित वत्स शामिल थे।