सादाबाद। भविष्य निधि और अन्य कई मांगों को लेकर नगर पंचायत के ठेका सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को नगर पंचायत दफ्तर पर खूब हंगामा काटा। नगर पंचायत के गेट को बंद कर इन कर्मचारियों ने जमकर शोर शराबा और नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इन कर्मचारियों ने ईओ और चेयरमैन का भी घेराव कर लिया। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
आक्रोशित ठेका सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि भविष्य निधि पीएफ के नाम पर उनके साथ पिछले कई महीनों से मजाक किया जा रहा है। उन्हें पीएफ का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कई बार लिखित और मौखिक रूप से नगर पंचायत के अधिकारियों और लिपिकों से मांग की है, लेकिन आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले अधिकारियों को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि ठेेका कर्मचारियों की चार छुट्टियों को निरस्त किया जाए। अगर छुट्टियां शासन द्वारा अनिवार्य हैं तो कर्मचारियों का वेतन नहीं काटा जाए। सभी ठेका कर्मचारियों को वेतन एक समान दिया जाए। सैलरी शासन की मंशा के अनुरूप बढ़ाई जाए। ठेका कर्मचारियों की पीएफ किताब दिलाई जाए और पीएफ की निर्धारित कटौती दर्शायी जाए। इनके पीएफ के नाम पर जो 1020 रूपये काटा जा रहा है, उसका भुगतान भी किताब में दर्शाया जाए।
इधर, इन सफाई कर्मियों को मनाने का अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी देर तक प्रयास भी किया, लेकिन सफाई कर्मचारी काम बंद हड़ताल की चेतावनी देते हुए चले गए। यह कर्मचारी एसडीएम को ज्ञापन सौंपने तहसील पर भी पहुंचे, लेकिन एसडीएम के न मिलने पर वापस लौट आए। यहां भी प्रदर्शन किया। इस दौरान सभासद अंकित पाराशर के अलावा अजय कुमार, रोहित कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अमर सिंह, अमित कुमार, चुन्नू, जितेंद्र, गौरव, अमित राना, राहुल, विशाल, मोहित, बबलू, आकाश, बंटी, लक्ष्मण, सतीश, दीपक, सुनील, रवि, रतन, मनीष, मनोज, सरोज देवी, सुभाष, राजा, विकास, कुलदीप, शिवा, राजनलाल, बंटी, पिंटू आदि मौजूद थे।