शहर के आवासीय क्षेत्र में अवैध डेयरी संचालन और गंदगी फैलाने की शिकायत पर नगर पालिका परिषद ने पांच पशुपालकों को नोटिस जारी किए हैं। आगरा रोड निवासी संजय सारस्वत, छैल बिहारी, विजय सारस्वत, राजा सारस्वत और रेखा सारस्वत को रिहायशी इलाके में संचालित डेयरी तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
पालिका के अनुसार पशुओं का गोबर और मूत्र सड़कों व नालियों में बहाया जा रहा है। इससे नालियां चोक होने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नोटिस में इस गतिविधि को संबंधित पर्यावरणीय और नगर निकाय नियमों के तहत दंडनीय बताया गया है। पशुपालकों को सात दिन के भीतर डेयरी बंद कर पालिका कार्यालय में लिखित सूचना देने को कहा गया है। अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया है कि निर्धारित अवधि में निर्देश का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाने के साथ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।