संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
सांसद राजवीर सिंह दिलेर ने पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान के जीटी रोड स्थित कार्यालय पर योगी सरकार के चार साल का लेखा-जोखा लोगों के सामने रखा। सांसद ने बताया कि प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद अपराधियों पर सख्ती की गई। बड़े बड़े नामी अपराधी जो पूर्ववर्ती सरकारों में छुट्टा घूम रहे थे और राजनीतिक संरक्षण के बल अपराध करते थे उन्हें कानून के डंडे के नीचे लिया। आज अपराधी अपराध करने से पहले सौ बार सोचता है।
सांसद ने बताया कि किस तरह प्रदेश सरकार किसानों के हितों की योजनाओं का अमलीजामा पहना रही है। जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया था उन्हें प्रदेश का कार्ड देकर पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था प्रदेश सरकार ने कर दी है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाखों बेघरों के सिर पर छत आ गई है।
सांसद ने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए छूट पर सोलर पंप बांटे जा रहे हैं। मौके पर पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, भाजपा नेता सोमेश यादव, सत्यप्रकाश यादव, देवदत्त वर्मा, तेजवीर सिंह सिसौदिया, शेखर पुण्ढीर, गिरीश मोहन गुप्ता पूर्व चेयरमैन नगरपालिका, जितेंद्र वार्ष्णेय, पिंटू आदि थे।