हाथरस। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनरतले बुधवार को कलेक्ट्रेट पर हुए धरना प्रदर्शन में समस्याओं व विभिन्न मांगों को लेकर बेसिक शिक्षक जमकर गरजे। शिक्षकों ने डीएम को भी सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा और समस्या के समाधान की मांग की।
मांग पत्र में शिक्षकों ने एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त हुए शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने, नवीन पेंशन योजना के तहत जो शिक्षक कटौती चाहते हैं, उनसे सहमति लेकर उनकी कटौती को प्रारंभ किए जाने, ऐसे शिक्षक जो कि सेवारत रहते हुए मृतक हो गए हैं, उनके आश्रितों को पारिवारिक पेंशन दिए जाने, 18 हजार शिक्षकाें का अन्तर्जनपदीय स्थानातंरण किए जाने, नियंत्रणाधीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को ग्रेड वेतन 4600 व 4800 पाने की तिथि से न्यूनतम मूल वेतन 17140 व 18150 निर्धारित किए जाने, विद्यालयों में दूध वितरण का आदेश निरस्त किए जाने, पूर्व की भांति क्रीड़ा एवं स्काउटिंग प्रतियोगिताओं के लिए धन आवंटित किए जाने, प्रदेश में खंड शिक्षाधिकारियों के कुल पदों के 50 फीसदी पदों पर बेसिक शिक्षा परिषद विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति किए जाने के अलावा अन्य मांग भी कीं। चेतावनी दी गई कि यदि शिक्षक समस्याओं का निस्तारण शीघ्र नहीं होता है तो 16 मार्च को प्रदेश के लाखों शिक्षक राजधानी लखनऊ में धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजेश वशिष्ठ के नेतृत्व में काफी शिक्षामित्रों ने भी सहभागिता की। इस मौके पर संघ जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, जिलामंत्री विजयवीर सिंह, कोषाध्यक्ष यतेंद्र पाठक, निहाल सिंह सिनसिनवार, कोमल प्रसाद त्रिपाठी, कन्हैयालाल शर्मा, संतोष शर्मा, कौशल यादव, योगेंद्र शर्मा, राजपाल, शशी कुलश्रेष्ठ, जितेन्द्र शर्मा आदि मौजूद थे।