हाथरस। जिला कारागार के लिए भी सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में जमीन लेने की तैयारी तेज कर दी गई है। बुधवार को सासनी तहसील दिवस के बाद डीएम शमीम अहमद एसडीएम सासनी केपीएस तोमर और तहसीलदार के साथ सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। सिकंदराराऊ के एसडीएम एनपी पांडेय और तहसीलदार को भी वहीं बुलवा लिया गया।डीएम ने अधिकारियों के साथ उस जमीन का मुआयना किया, जिसे कारागार बनाने के लिए लेने की बात चल रही है। इस जमीन में काफी भाग सूबे के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने मोहन मीकिंस को दी गई जमीन का भी है, जबकि कुछ जमीन वन विभाग की भी है। कारागार के लिए कुल 60 एकड़ जमीन की प्रशासन को जरूरत है। डीएम ने दोनों तहसीलों के एसडीएम से कहा है कि वह चिन्हित जमीन के बारे में पूरी स्थिति स्पष्ट करते हुए नौ फरवरी तक अपनी रिपोर्ट उन्हें दें, ताकि उसका अध्ययन करने के बाद चिन्हित जमीन पर जेल प्रशासन को कब्जा दिलाने की कार्यवाही आगे बढ़ाई जा सके। गौरतलब है कि यूपीएसआईडीसी भी इस जमीन को कारागार के लिए देने पर सहमत हो चुका है। शासन से भी इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है।