सासनी कस्बे में 11 अगस्त दोपहर करीब डेढ़ बजे बीच हाईवे पर खड़ी विधायक लिखी स्काॅर्पियो कार के कारण जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने उसे सड़क किनारे करने के लिए कहा तो कार में सवार युवक भड़क गया।
अलीगढ़ के एमएलसी ऋषिपाल के पुत्र तपेश चौधरी का कहना है कि सासनी में यातायात पुलिस के सिपाही को उन्होंने एक गरीब महिला से अभद्रता करने से रोका था। यह सिपाही उल्टे उनसे अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहने लगा कि मैं सपा की सरकार में रुपये देकर नौकरी पर लगा हूं। जितना रुपया देकर लगा हूं, उससे ज्यादा कमाऊंगा नहीं तो परिवार को कैसे पालूंगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात करके सिपाही की शिकायत की है। अधिकारियों ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि यह वीडियो आखिरी के तीन मिनट का है जबकि सिपाही से उनका विवाद करीब 10 मिनट चला। 11 अगस्त को वह दोपहर करीब एक बजे अलीगढ़ से हाथरस जा रहे थे।