सिकंदराराऊ विधायक के खिलाफ शिकायत करने के लिए एसपी ऑफिस पर मौजूद शिकायतकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। सिकंदराराऊ के एक नेता ने गुरुवार को दर्जनों लोगों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी को शिकायती पत्र देकर यह आशंका जताई कि सिकंदराराऊ के विधायक कोई साजिश रचकर उसके खिलाफ कोई अनहोनी करा सकते हैं। इधर, सिकंदराराऊ भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह राना का कहना है कि युवक सुर्खियां बटोरने के लिए यह नाटक कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में निशांत चौहान निवासी नगला अहेरिया गंथरी शाहपुर सिकंदराराऊ ने आरोप लगाते हुए कहा कि नौ मई को महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर गोशाला रोड स्थित गोशाला हाथरस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग ले रहा था। उसने जब क्षत्रिय लोगों पर लग रहे झूठे एससी व एसटी एक्ट की निंदा की तो उसके हाथ से माइक छीनने का प्रयास किया गया। उसके बाद सिकंदराराऊ विधायक ने गनर द्वारा उसे बुलाया और उसे धमकी दी।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सिकंदराराऊ विधायक द्वारा किसी षडयंत्र में फंसाया जा सकता है। उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय व सुरक्षा की मांग की है। शिकायती पत्र देने वालों में निशांत चौहान के साथ मनीष ठाकुर, मिथुन चौहान, अमरेंद्र सिंह, जीपी सिंह, गजेंद्र कुमार, पवन सेंगर, सरजू राना, आकाश चौहान, मोनू चौहान, धर्मेंद्र सिसौदिया आदि थे। इधर, इस मामले में सिकंदराराऊ के विधायक वीरेंद्र सिंह राना का कहना है कि 9 मई को उक्त युवक कार्यक्रम में कुछ अनर्गल बोल रहा था तो उसे समाज के ही कुछ लोगों ने चुप करा दिया था। विधायक का कहना है कि उनका इस युवक से कोई लेना-देना नहीं है और न ही किसी तरह का विवाद है। यह युवक महज सुर्खियां बटोरने के लिए इस तरह की बातें कर रहा है।