बेखौफ बदमाश बुधवार सुबह रोरावर थाना क्षेत्र के मथुरा बाईपास पर चालक को पीट कर भूसे से लदी ट्रैक्टर- ट्रॉली छीन ले गए। घायल ट्रैक्टर चालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोंडा थाना क्षेत्र के गांव नगला जगदेव कोढ़ा निवासी कृष्ण कुमार पुत्र वरुण सिंह ने बताया कि वह भूसा बेचते हैं। बुधवार सुबह चार बजे के करीब ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर नादा चौराहे के पास स्थित धर्मकांटा पर गए थे। धर्मकांटे पर एक व्यक्ति ग्राहक बनकर आया और मडराक के गांव भकरौला पहुंचाने के लिए भूसे का सौदा किया।
पीड़ित ने बताया कि वे भकरौला जाने के लिए तकरीबन साढ़े चार बजे मथुरा बाईपास पर पहुंचे तो दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनको ट्रैक्टर ट्रॉली सहित घेर लिया। मारपीट करते हुए ट्रैक्टर की चाबी छीन ली और ट्रैक्टर-ट्रॉली को मथुरा रोड की ओर ले गए । पीड़ित मडराक थाने पहुंचा तो उससे कह दिया गया कि घटना रोरावर थाने की है। बाद में रोरावर थाने पहुंचा और ट्रैक्टर ट्रॉली छीन कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।