गांव गढ़िया इकबालपुर में झगड़े के बाद ग्रामीणों से बात करते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
एटा रोड के गांव गढ़िया इकबालपुर में शनिवार को हुई मारपीट ने रविवार को हिंसक रूप धारण कर लिया। झगड़े में एक व्यक्ति गोली लगने से तथा दूसरा धारदार हथियार के प्रहार से गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। तनाव देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव में शनिवार को रंगदारी को लेकर हुए झगड़े में एक महिला तथा पुरुष गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें रेफर कर दिया गया था। रविवार की दोपहर में दोनों पक्ष आमने- सामने आ गए। आरोप है कि एक हमलावर ने अवैध शस्त्र से गोली चलाई, जिससे कासगंज निवासी प्रमोद (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में गढ़िया इकबालपुर निवासी हरकेश के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। शनिवार को हुई मारपीट में रामजीलाल की तहरीर पर पुलिस ने सुनील, राधेश्याम, अंशुल, कमलेश देवी और संगीता सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने प्रमोद को गोली मारी गई थी और हरकेश के साथ मारपीट कर उसके सिर पर वार किया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग बचने के लिए इधर उधर भागे। सूचना मिलते ही कोतवाल शिवकुमार शर्मा और कस्बा इंचार्ज रामनरेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।