कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में शिक्षक की हत्या की आरोपी नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड का सच सामने आने लगा है। पता चला है कि प्रेमी के सिर पर पिता द्वारा किए गए वार से निकले खून को देख बेटी आक्रामक हो गई और उसने अपने पिता की हत्या की कहानी रच दी। इधर, पुलिस ने हरिद्वार में लड़की व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर हाथरस ले आई। इसे लेकर कोतवाली हाथरस गेट में गहमा गहमी बनी रही।
बताया जा रहा है कि मंगलवार यानि 6 जून की सुबह 10 बजे मृतक शिक्षक की पत्नी अपनी ड्यूटी पर महौ सीएचसी पर चली गई। मृतक के पिता और मृतक का पुत्र बाजार काम से गए थे। घर में शिक्षक अकेला रह गया था। मृतक के अपने सिर पर बाल काले करने के लिए डाई लगाई थी। जैसे ही नाबालिग बेटी के पिता घर के नीचे कमरे में डाई लगाकर लेट गए , तो बेटी ने अपने प्रेमी को कॉल करके बुला लिया और घर अंदर चुपके से ले लिया।
इसके बाद दोनों पहली मंजिल के कमरे में पहुंच गए। दोनों काफी देर तक अकेले रहे। इसी बीच शिक्षक अपने बालों को धोने के लिए बाथरुम की ओर बढ़ा तो उसे खटपट की आवाज सुनाई दी। खटपट की आवाज सुनकर मृतक शिक्षक ऊपर के कमरे की तरफ बढ़ा। उसकी नजर हॉल में बेटी व उसके प्रेमी पर पड़ी। जैसे ही प्रेमी पर नजर पड़ी तो वह उत्तेजित हो गया और उसने चिल्लाते हुए कहा कि तू नहीं सुधरेगा, घर के अंदर कैसे आया।
इतना ही नहीं गुस्से में शिक्षक ने प्रेमी के सिर पर मौके पर पडे़ किसी सामान से वार कर दिया, जिससे प्रेमी के सिर पर गहरी चोट आई और खून निकल आया। प्रेमी की सिर से निकले खूने को देखते ही बेटी उत्तेजित हो गई। बेटी ने अपने पिता पर मूसल से पहला प्रहार किया, पहले ही प्रहार में पिता बेहोश हो गया। इसके बाद बेटी व प्रेमी ने सिर पर प्रहार किए और ब्लेड से गर्दन व हाथ की नसें काटी। इसके बाद घर से फरार हो गए। इन आरोपियों की गिरफ्तारी हरिद्वार पुलिस ने की। इसके बाद बृहस्पतिवार दोनों आरोपियों को हाथरस लाया गया।