संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन में फंसे हाथरस जनपद के श्रमिक, छात्र या अन्य प्रवासियों को जिले में वापस लाने के लिए यहां डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने नई पहल की है। अब अन्य प्रांतों व जिले में फंसे यहां के बाशिंदे जिले में लौटने के लिए हाथरस एनआईसी की वेबसाइट पर दिए गए लिंक में जाकर में अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इस वेबसाइट में डाटा मिलने के बाद प्रशासन उन्हें जिले में लाने के लिए कार्रवाई शुरू कर देगा।
कोरोना को लेकर हुए लॉकडाउन के दौरान जिले के तमाम लोग अन्य प्रदेशों व जिलों में फंसे हुए हैं। इन लोगों को जिले में वापस आने के लिए विभिन्न माध्यमों से जिला प्रशासन को जानकारियां प्राप्त हो रही हैं। अब डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने एक नई पहल की। उन्होंने हाथरस एनआईसी की वेबसाइट पर विभिन्न प्रदेशों व जनपद में फंसे लोगों के पंजीकरण किए जाने के लिए लिंक शुरू किया गया। इस लिंक पर सूचनाएं एकत्र होने के बाद पंजीकरण करने वालों को जिले में लाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आवेदक को सर्वप्रथम हाथरस एनआईसी की वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध लिंक ‘हाथरस के प्रवासी जो जनपद लौटना चाहते हैं’ पर क्लिक करना होगा। उसके पश्चात आवेदक को अपनी सूचनाएं जैसे- नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, आवेदक की श्रेणी (छात्र, श्रमिक या अन्य) चुनकर उस प्रदेश एवं जनपद का नाम जहां पर इस समय वह निवास कर रहे हैं एवं पता जहां पर वह हाथरस जनपद में आना चाहते हैं भरना होगा। सूचनाएं एकत्र कर शीघ्र प्रबंध किया जाएगा।