संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
लॉकडाउन थ्री शुरू होने के साथ ही जैसे ही सोमवार को नगर व क्षेत्र में शराब और बीयर की दुकानें खुलीं, वैसे ही उन पर भीड़ टूट पड़ी। कई जगहों पर दुकान खुलने से पहले ही पीने वालों की भीड़ लग गई। शराब के ठेकों के बाहर लंबी लंबी कतारें लग गईं। शराब खरीदते वक्त लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का कतई पालन नहीं किया। पुलिस सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के लिए सख्त जरूर नजर आई, लेकिन भीड़ के आगे सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम होकर रह गई। लोग इस तरह शराब की खरीदारी कर रहे थे, मानो उन्हें शायद फिर शराब मिले या नहीं।
मथुरा अड्डे पर स्थित शराब और बीयर के ठेके पर शराब की बोतल लेने के लिए मारा मारी की स्थिति रही। हालात ये थे कि लोग एक बोतल नहीं, बल्कि कई कई बोतल खरीद कर ले जा रहे थे। भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो, कब से लोग शराब पीने के लिए शराब के ठेकों का खुलने का इंतजार कर रहे थे। कई दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए गोले भी बनाए गए, लेकिन इन गोलों में खड़ा होने के लिए किसी के पास भी वक्त नहीं था। दोपहर से शाम तक शराब के ठेकों पर शराब खरीदने के लिए लंबी कतारें लगी रहीें। पुलिस ने भीड़ को कभी कड़ाई से तो कभी समझाकर नियंत्रित किया।