गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाने के बाद अब जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के दिन बहुरने की आस बंधी है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा एक अक्तूबर से पूरे प्रदेश में एक साथ वृहद रोड रेस्टोरेशन महाभियान शुरू किया गया है।
अधिशासी अभियंता (जल निगम ग्रामीण) मोहित कुमार ने बताया कि जिले में पेयजल आपूर्ति के लिए कुल 3,354 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इस दौरान 1,244 किलोमीटर सड़कों को खोदना पड़ा था। इनमें से 975 किलोमीटर सड़क का मरम्मत कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि बची हुई 269 किलोमीटर सड़क को इस विशेष अभियान के तहत दुरुस्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यदि आपके गांव की सड़क भी पाइपलाइन बिछाने के बाद से बदहाल है, तो आप खुद इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।गूगल प्ले स्टोर से जल सारथी एप इंस्टॉल करें। एप खोलकर सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान विकल्प का चयन करें। अपना नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करें। सड़क की वर्तमान स्थिति का फोटो या वीडियो बनाकर अपलोड करें। इसके अलावा ग्रामीण पेयजल और सड़क संबंधी समस्याओं के लिए टोल-फ्री नंबर 18001212164 तथा जल समाधान एप का उपयोग भी कर सकते हैं।