जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेश पर जनपद न्यायालय में राष्ट्र के नाम मध्यस्थता अभियान-2.0 संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपसी सुलह के माध्यम से मामलों का शीघ्र निस्तारण कर न्यायिक बोझ कम करना है। नालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर अपने मामले निपटाए जा सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अनु चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के समस्त न्यायालयों से ऐसे वाद, जिनका निस्तारण समझौते के माध्यम से संभव है, जिला मध्यस्थता केंद्र में प्रेषित किए जा रहे हैं। इनमें वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, शमनीय आपराधिक प्रकरण, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, भूमि अधिग्रहण, संपत्ति बंटवारा, बेदखली तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामले शामिल किए जा रहे हैं। मध्यस्थों द्वारा दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से समझौता कराया जा रहा है। इस माह में अब तक कई मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जिससे पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलने के साथ ही समय और धन की भी बचत हुई है।
सचिव अनु चौधरी ने बताया कि यह विशेष अभियान एक जनवरी से चलाया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस अथवा नालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।