बहुजन समाज पार्टी अब इलेक्ट्रॉनिक्स वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मुद्दे को दूर तलक ले जाना चाहती है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने पूरे प्रदेश से अपने सभी 403 प्रत्याशियों को ईवीएम के बारे में रिपोर्ट लेकर बुधवार को लखनऊ तलब कर लिया है।
इस बैठक में वह मतदान और मतगणना के दौरान सामने आईं ईवीएम में गड़बड़ी से संबंधित शिकायतों का ब्योरा प्रत्याशियों से लेंगी और उन्हें इस मुद्दे पर कानूनी और राजनीतिक लड़ाई के संबंध में दिशा-निर्देश भी देंगी। पूर्व मंत्री और सादाबाद के नवनिर्वाचित बसपा विधायक रामवीर उपाध्याय तो पहले ही लखनऊ पहुंच चुके हैं, जबकि हाथरस के प्रत्याशी बृजमोहन राही और सिकंदराराऊ के प्रत्याशी बनी सिंह बघेल भी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार की रात को लखनऊ रवाना हो गए।
दरअसल, चुनाव नतीजों में भाजपा को मिली बंपर कामयाबी के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा कर दिया है। बसपा सुप्रीमो ने पूरे प्रदेश में ईवीएम में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। बसपा सुप्रीमो इस मुद्दे पर यहीं चुप नहीं रहना चाहतीं। वह इसके विरोध में बड़ी लड़ाई की तैयारी कर रही हैं।
उन्होंने अपने जीते हुए विधायकों को तो मंगलवार को ही लखनऊ बुला लिया और उनके साथ अहम बैठक भी की। इस बैठक में उन्होंने भविष्य की राजनीति को लेकर चर्चा की और पार्टी व विधानसभा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर भी सलाह-मशविरा किया। बुधवार को उन्होंने सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों को लखनऊ बुला लिया है।
सूत्र बताते हैं उन्होंने इन प्रत्याशियों से यह ब्योरा भी मंगाया है कि उनके यहां कहां-कहां ईवीएम में गड़बड़ियों की शिकायतें रहीं और मतगणना के दौरान उन्होंने ईवीएम की क्या खामियां देखीं। माना जा रहा है कि प्रत्याशियों के साथ इस अहम बैठक के बाद मायावती इस मुद्दे पर किसी बड़े कदम का ऐलान कर सकती हैं।