हाकिम की मौत पर विलाप करते परिजन। संवाद
- फोटो : Samvad
बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे गांव रुदायन में छत पर काम करते समय हाईटेंशन लाइन से हाथ टच होने से एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर करने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। छह बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव रुदायन निवासी हकीम (50) पुत्र वीरपाल गांव में ही एक मकान में गर्डर-पत्थर से छत का पटाव कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से अचानक उनका हाथ टच हो गया। करंट लगते ही राजमिस्त्री छत से नीचे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लेकर लोग सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शव को लेकर परिवार के लोग कोतवाली जा रहे थे, तभी रास्ते में पुलिस द्वारा ट्रैक्टर ट्राली को रोकने पर परिजन हंगामा करने लगे। हंगामा देख अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इसी दौरान मृतक में सांस आने की अफवाह फैल गई। पुन: सीएचसी ले जाया गया, जहां सीपीआर एवं ऑक्सीजन दी गई, लेकिन सांस नहीं लौटी। पुलिस ने किसी तरह परिवार के लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के एक्सईएन अभिनव तिवारी एवं एसडीओ आशीष रत्न ने परिजनों को सरकार की ओर से मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
बता दें, कि मृतक की पत्नी दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती है। मृतक ने अपने पीछे चार बेटी व दो बेटे रोते-बिलखते छोड़े हैं। वहीं, प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी का कहना है कि परिवार के लोगों को समझाने के बाद हंगामा शांत हुआ। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।