राजमिस्त्री प्रमोद सीढ़ियों पर पत्थर सेट कर रहे थे, तभी अचानक एक पत्थर टूट गया और प्रमोद पत्थर के साथ दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
कस्बा सासनी के बालाजी धाम में 30 मई को काम करते समय एक राजमिस्त्री छत से गिर गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
दरअसल, 30 मई को ग्राम जलालपुर निवासी राज मिस्त्री प्रमोद कुमार (50) पुत्र गरीबदास अपने घर से कस्बा के बालाजी धाम में मोहित के घर पर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। दोपहर को वह सीढ़ियों पर पत्थर सेट कर रहे थे, तभी अचानक एक पत्थर टूट गया और प्रमोद पत्थर के साथ दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्रमोद को गिरता देख उनके साथियों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
साथी एवं मकान मालिक उनको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। साथियों ने परिजन को इसकी सूचना दी। परिजन सीएचसी पहुंच गए। मृतक के बड़े बेटे मनोज कुमार ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।