क्षेत्र के गांव गोपालपुर में सोमवार की दोपहर को एक महिला ने कमरे के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सहपऊ के गांव नगला सुखराम निवासी जयपाल की पुत्री खुशबू (24) की शादी 22 फरवरी 2023 को गांव गोपालपुर निवासी सत्यप्रकाश के साथ हुई थी। सत्यप्रकाश एक विद्यालय की बस पर चालक हैं। सोमवार को उनकी पत्नी कमरे में अकेली थी। इस दौरान उसने कमरे में छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह बात जब ससुराल वालों को पता चली तो उन्होंने महिला के मायके पक्ष के लोगों को भी बुला लिया।
मुरसान पुलिस मौके पर पहुंच गई। मायके पक्ष के लोगों का कहना था कि खुशबू ने आत्महत्या की है। इस कारण वह शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे हैं, लेकिन पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों ने विरोध कर दिया। कुछ देर बाद ही परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम कराने पर राजी हो गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ सादाबाद हिमांशु माथुर का कहना है कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।