जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाशकृष्ण सिंह ने शनिवार को पुलिस लाईन में रन फॉर वोट मैराथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के मतदाताओं को मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने के लिए मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के सक्रिय प्रयासों की कड़ी के रूप में आज संपन्न रन फॉॅर वोट मैराथन रैली में बड़ी तादाद में छात्रों, खिलाड़ियों, अफसरों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों आदि ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकतंत्र के महापर्व के मौके पर आयोजित मैराथन रैली में भाग लेने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जनपदवासियों से अपील की।
उन्होंने कहा कि वह भयमुक्त होकर स्वविवेक से 11 फरवरी को वोट डालकर निर्वाचन के महायज्ञ में अवश्य सहभागिता करें। जिले में प्रत्येक मतदाता द्वारा मताधिकार का इस्तेमाल करने को जागरूक करने के लिए स्वयंसेवी, व्यापार-औद्योगिक संगठनों एवं शैक्षिक संस्थाओं से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की और कहा कि खासतौर से नए मतदाता बने युवाओं के अलावा महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों द्वारा मतदान करने पर तबज्जो दी जाय।
उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वोट अमूल्य है। जिले का कोई भी मतदाता वोट डालने से छूटने न पाए-इसके लिए सभी लोगों के सक्रिय और एकजुट प्रयासों की जरूरत है।
रन फॉर वोट आयोजन में शामिल निर्वाचन महापर्व एक्सप्रेस और मोटर साइकिलों पर सवार युवा मैराथन रैली के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
विभिन्न मार्गो पर बड़ी तादाद में मौजूद दर्शकों ने करतल ध्वनि से रैली का स्वागत किया। पुलिस लाइन से शुरू होकर मैराथन रैली सिटी रेलवे स्टेशन, सासनी गेट चौराहा, तालाब चौराहा, कोतवाली, घंटाघर चौराहा, रोडवेज बसस्टैंड होते हुए एमजी पॉलीटेक्निक पर संपन्न हुई।
मैराथन रैली में डीआईओएस जेके मलिक, डीआईओ यतीशचंद्र गुप्ता, बीएसए रेखा सुमन, कार्यक्रम अधिकारी रामानंद गुप्ता, क्रीडा अधिकारी प्रवेश कुमार रावत सहित अन्य अधिकारियों सहित बड़ी तादाद में छात्रों, खिलाड़ियों, पत्रकारों, महिलाओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों आदि ने भाग लिया।