चौकीदार की मौत के बाद पूछताछ करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : HASAYAN
संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बस्तोई में शनिवार की रात खेत की रखवाली कर रहे चौकीदार की कुछ लोगों ने गले में गमछा डालकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक चौकीदार के परिजन व कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के भाई ने गांव बस्तोई के ही चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
छोटेलाल (35) पुत्र खेम सिंह निवासी कनकपुर थाना अकराबाद जनपद अलीगढ़ गांव के ही रामचंद्र पुत्र जसवंत सिंह द्वारा लिए गए पट्टे के खेत में फसल की रखवाली करने के लिए गांव बस्तोई में पूर्व प्रधान के घर पर रहता था। फसल की रखवाली करने के लिए वह एक महीना पहले ही आया था। जब रविवार को सुबह ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान के सरसों के खेत में चौकीदार का शव पड़ा देखा तो पूर्व प्रधान को इसकी जानकारी दी।
जब पूर्व पूर्व प्रधान के पति ने खेत में जाकर देखा तो चौकीदार छोटेलाल के गले में गमछा पड़ा हुआ था। पूर्व प्रधान के पति ने घटना की जानकारी खेत के मालिक व कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गई। सीओ सुरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतक के भाई सुम्मेर सिंह पुत्र खेम सिंह निवासी कनकपुर थाना अकराबाद अलीगढ़ ने गांव बस्तोई निवासी संजय पुत्र दर्शन सिंह, टीटू, भवनेश, वीरेंद्र पुत्र लटूरी सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि बस्तोई में खेत की रखवाली कर रहे चौकीदार की मौत की सूचना मिली है। चौकीदार के गले में गमछा पड़ा हुआ था। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर बस्तोई के ही चार युवकों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
चौकीदार की मौत के बाद विलाप करते परिजन।- फोटो : HASAYAN