संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
कोतवाली के जरैरा पुलिस चौकी क्षेत्र के पुरदिलनगर हसायन मार्ग पर शुक्रवार को एक क्रेन ने सड़क किनारे खड़े एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने क्रेन चालक को पकड़ लिया। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले गांव के लोग पीड़ित परिजनों के साथ मारपीट कर क्रेन चालक को छुड़ा ले गए।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सलामुद्दीन खान मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पीड़ित परिजनों ने आरोपी क्रेन चालक को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए शव ले जाने से इन्कार कर दिया। मामला बिगड़ता देख थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल पर पहुंचकर क्रेन के चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण व मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस ले जाने के लिए राजी हुए। घटना के संबंध में मृतक के भाई ने अज्ञात क्रेन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार कृपाली सिंह (40) पुत्र मिश्री लाल निवासी मथुरापुर बाइक से पुरदिलनगर के लिए अपने गांव के धारा सिंह नाम के एक व्यक्ति के साथ जा रहा था। दोनों रास्ते में गांव कटाई के बाग के निकट बाइक रोककर सड़क के किनारे बातचीत कर रहे थे। तभी हसायन की तरफ से आ रही एक क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार कृपाली सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना होते ही मौके पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों की भीड़ लग गई।