सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करती लखनऊ से आई एनएचएम की टीम।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
लखनऊ से आई एनएचएम की टीम ने सोमवार को सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्र के हर पटल पर पहुंचकर बारीकी से स्वास्थ्य सेवाओं, योजनाओं की जांच की। मौके पर मिले मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना।
एनएचएम की टीम में शामिल चाइल्ड हेल्थ कंसलटेंट योगेंद्र यादव और विपिन श्रीवास्तव ने बताया कि सादाबाद स्वास्थ्य केंद्र की एफआरयू यूनिट को चेक किया गया, जिसमें मरीजों से एंबुलेंस सेवा, डिलीवरी आदि के बारे में पूछा गया तो सकारात्मक जवाब मिला। कई मरीजों से फोन पर भी एंबुलेंस के पहुंचने के बारे में जानकारी ली गई। सेवाओं की बेहतरी के लिए दिशा निर्देश भी दिए। बताया कि एफआरयू यूनिट जगह की थोड़ी कमी है तो एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि एस्टीमेट भेजा गया है। यूनिट के रजिस्टर आदि को चेक किया गया और प्रोपर तरीके से मरीजों की एंट्री किए जाने के निर्देश मौजूद कर्मियों को दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक कक्ष, ब्लड जांच कक्ष, नेत्र चिकित्सा कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, इमरजेंसी, वार्ड आदि का भी निरीक्षण किया। योगेंद्र यादव ने बताया कि अधिकतर व्यवस्थाएं ठीक ठाक मिली हैं, कुछ कमियों को सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर डीपीएम बलवीर सिंह वर्मा, बीपीएम आदि मौजूद थे।