संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शासन स्तर से 18 से 31 मई तक लॉकडाउन-4 लागू किया है। इस लॉकडाउन में जिले में किन किन कामों को छूट मिली है। इसे लेकर लोगों में बेहद उत्सुकता है। वहीं जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि शासन स्तर से अग्रिम आदेश न मिलने तक लॉकडाउन 3 की तरह ही लॉकडाउन 4 में छूट रहेगी। एडीएम जेपी सिंह ने लॉकडाउन -4 का पालन कराने के लिए अधिकारियों को नामित कर दिया है।
लॉकडाउन 4 शुरू होने के साथ ही लोगों में उद्योग धंधों, बाजार के खुलने के समय के साथ साथ परिवहन, आवागमन आदि में मिलने वाली छूटों की ओर निगाह टिकी हुई है। सरकार की ओर से अभी जिला प्रशासन को लॉकडाउन 4 में छूट संबंधी कोई नए आदेश नहीं मिल सके हैं। इस कारण अभी जिला प्रशासन ने कोई नई एडवाइजरी जारी नहीं की है। उधर, जिले में लॉकडाउन 4 में मिलने वाली राहत को लेकर लोगों में जानने की उत्सुकता बनी हुई है। एडीएम जेपी सिंह ने लॉकडाउन के पालन के अधिकारी सेक्टर व जोनल अधिकारियों को नामित कर दिया है और लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा है कि लॉकडाउन 4 के निर्देश अभी प्राप्त न होने के कारण अग्रिम आदेशों तक लॉकडाउन 3 के ही आदेश प्रभावी होंगे।