संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र छात्राओं की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्व विद्यालय द्वारा पहली बार एलएलबी तृतीय वर्ष की परीक्षा ओएमआर सीट पर आयोजित की गई।
हाथरस के नगला आल स्थित श्रीमती लौंग श्री देवी कॉलेज ऑफ लॉ के परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र इस बार भी अलीगढ़ स्थित श्री वार्ष्णेय कॉलेज को बनाया गया। परीक्षा केंद्र पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। कुल 70 वैकल्पिक प्रश्न आए।हालांकि इस तरह से परीक्षा आयोजित करने से परीक्षार्थियों में मायूसी दिखाई दी। परीक्षार्थियों ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अचानक परीक्षा का पैटर्न इस प्रकार का कर दिया है, जैसे कोई प्रतियोगी परीक्षा हो रही हो। तैयारी के लिए बीच में एक भी दिन का अवकाश नहीं दिया गया है। चार नवंबर से लेकर 12 नवंबर तक लगातार परीक्षा हैं।