जिले में कर करेत्तर और राजस्व कार्यों के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लिए डीएम अमित कुमार सिंह नेे विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में जिले की अच्छी रैंक पर संतुष्टि जताई। आगामी माह में प्रार्थना पत्रों का निस्तारण सुनिश्चित करने के बारे में अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी और कहा कि डिफॉल्टर की स्थिति में जिम्मेदार अफसरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट में डीएम ने मासिक स्टाफ बैठक में एंटी भू माफिया, कर करेत्तर और राजस्व कार्यों की विभागवार कार्यप्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे शासन की मंशा के अनुसार विभागीय लोक कल्याण की योजनाओं से जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के वार्डों को खुले में शौचमुक्त घोषित करने के लिए तेजी से काम करने को कहा। उन्होंने तहसील दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ, आईजीआरएस तथा राजस्व वाद आदि के लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के लिए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। विद्युत विभाग से जिले के व्यवसायिक भवनों, होटल और लॉज में लिए गए कनेक्शनों की जांच करने के निर्देश दिए यदि कनेक्शन नियमों के विपरीत पाए जाते हैं तो अधिकतम जुर्माना लगाया जाए इसके लिए एक अभियान के तौर पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
एडीएम रेखा एस चौहान ने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष माह सितंबर तक की अवधि में वाणिज्य कर में 90 प्रतिशत, स्टांप देय में 56 प्रतिशत, आबकारी में 70 प्रतिशत, बैंक देय में 297 प्रतिशत, विद्युत देय में 84 प्रतिशत, परिवहन में 102 प्रतिशत, नगर विकास में 54 प्रतिशत, भूराजस्व 48 प्रतिशत तथा कृषि विपणन में 69 प्रतिशत राजस्व बसूली के बारे में विभागवार जानकारी दी।
एडीएम ने वाणिज्य कर, विद्युत और बैंकों की तहसीलवार आरसी मिलान कराने के लिए विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की। बैठक में एसडीएम अमिताभ यादव, जयप्रकाश, अंजुम बी, ओसी कलेक्ट्रेट ज्योत्सना बंधु, जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार, समस्त तहसीलदार, समस्त बीडीओ और समस्त अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, नगर पंचायत तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।