आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर टोल टैक्स की नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी। इस कारण आगरा से अलीगढ़ के बीच सफर करने वाले बड़े व्यावसायिक वाहन स्वामियों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। हालांकि छोटे व्यावसायिक वाहन और कार के टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित टोल दरों की घोषणा कर दी है। नई दरें एक अप्रैल से प्रभावी होंगी और 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी । एनएच-93 के आगरा-अलीगढ़ खंड पर स्थित बरौस और मडराक टोल प्लाजा पर नई दरें लागू की जा रही हैं। हल्के वाहन (कार, जीप, वैन) के लिए एक तरफ की यात्रा का शुल्क 35 रुपये और वापसी यात्रा के लिए 55 रुपये ही रहेगा।
दोनों टोल गेट से प्रतिदिन करीब ढाई हजार व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके चलते अब भाड़े व रोडवेज बस के किराये में बढ़ोतरी का अंदाजा लगाया जा रहा है। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-व्यावसायिक वाहन स्वामियों के लिए राहत की बात यह है कि उनके मासिक पास की दर 360 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा वार्षिक पास के लिए 3,075 रुपये की दर को मंजूरी दी है।
वाहनों की नई दरें (रुपये में) वाहन श्रेणी एक तरफ की यात्रावापसी यात्रा (24 घंटे में) मासिक पास (50 यात्राएं)
बस या ट्रक (2 एक्सल) 125 190 4215
भारी मशीनरी/ (3-6 एक्सल) 200 300 6615
विशालकाय वाहन (7+ एक्सल) 240 360 8050
व्यावसायिक वाहनों के आवागमन को लेकर टोल टैक्स की कुछ दरें बढ़ाई गई हैं। यह नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी।
-विनय वर्मा, डायरेक्टर, ब्रजभूमि प्राइवेट लिमिटेड।