संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
उद्यमियों को राहत देने के लिए विद्युत महकमे ने अलीगढ़ रोड पर 33 केवीए का नया सबस्टेशन बनाने के लिए भूमि की तलाश शुरू कर दी है। सबस्टेशन का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। भूमि मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंडस्ट्रीज एरिया के लिए अलग से फीडर तैयार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शहर के अलीगढ़ रोड पर इंडस्ट्रीज एरिया में लगे उद्योगों को प्रगतिपुरम सबस्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस फीडर कुछ कालोनियां विभाग द्वारा पूर्व में जोड़ दी गई है। इस कारण उद्योगों को बिजली संकट से आए आए दिन जूझना पड़ता है। बीते दिनों उद्यमियों ने डीएम के समक्ष समस्या को रखा। इसके बाद अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता ने इंडस्ट्रीज एरिया पहुंचकर व्यापारियों से वार्ता की।
जल्द समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया। अब बिजली विभाग द्वारा अलीगढ़ रोड पर भूमि की तलाश की जा रही है। करीब दो हजार वर्ग में 33 केवीए के सबस्टेशन का निर्माण होगा। इसके लिए प्रस्ताव आदि भी तैयार किया गया है। इस मामले में अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि सबस्टेशन के लिए अलीगढ़ रोड पर भूमि की तलाश की जा रही है। जल्द उद्यमियों को राहत प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।