संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
हाथरस सांसद राजवीर सिंह दिलेर एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान ने मंगलवार को सीएचसी में जाकर प्रभारी डॉ. रजनेश यादव से कोविड एल -1 हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें हॉस्पिटल में एन 95 मास्क व उच्च गुणवत्ता वाले दस्तानों की कमी बताई गई। सांसद ने तत्काल सीएमओ से बात कर ये सामान भेजने के निर्देश दिए।
सांसद ने पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान के आवास पर कहा कि केंद्र व राज्य सरकार कोविड इलाज के लिए पूरी मदद कर रही है। वैक्सीन, रेमडेसिविर इंजेक्शन और आक्सीजन की कमी नहीं होने दी जा रही है। बागला अस्पताल हाथरस में वेंटिलेटर उपलब्ध हो गए हैं। गंभीर मरीजों के सीटी स्कैन की भी व्यवस्था है।
सीएचसी के निरीक्षण के दौरान डॉ. रजनेश ने सांसद को बताया की ऑक्सीजन संयंत्र मौजूद है और मरीजों को निरंतर ऑक्सीजन दी जा रही है। कर्मियों के लिए एन 95 मास्क और ग्लब्स की कमी है। इस पर सांसद ने सीएमओ से तत्काल ये सामग्री भेजने को कहा।