हाथरस-जलेसर रोड पर लाड़पुर के जलालपुर चौराहे के पास रविवार सुबह सात बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान जलालपुर निवासी सुनील (48) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील अपने चचेरे भाई के साथ खेत में काम करने के लिए बाइक से जा रहे थे। जलालपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इससे सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि जलालपुर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहन चालक अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जलालपुर चौराहे पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि पुलिस वाहन चालक की तलाश और मामले की जांच में जुट गई है।